01
संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी शासकीय/अशासकीय/प्राइवेट जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल, इण्टर कॉलेज, पब्लिक स्कूल, केन्द्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, विद्यामन्दिर, गुरुकुल, संगीत विद्यालय, संस्कृत विद्यालय, महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय के सभी विषयों के छात्र/छात्रायें प्रतिभाग करेंगे।
02
प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक छात्र आवेदन पत्र में अपना नाम, कक्षा का नाम, विद्यालय का नाम, जनपद नाम, दूरभाष, फोटो, प्रतियोगिता का नाम आदि विवरण पूरित कर निर्धारित तिथि तक आवेदन करेंगे।
03
जनपद स्तर की प्रतियोगिता में जो छात्र या छात्राएँ प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय स्थान प्राप्त करेंगे, उन्हें मण्डल स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। मण्डल स्तर की प्रतियोगिता में जो छात्र या छात्राएँ प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करेंगे, वे राज्य स्तर की प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकेंगे।
04
मंडल तथा राज्य स्तर पर आरंभ होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी को ऑनलाइन अर्हता प्रतियोगिता उत्तीर्ण करना होगा।
05
जनपद स्तरीय, मण्डलस्तरीय एवं राज्यस्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार की राशि उनके अथवा उनके माता-पिता के बैंक खाते में अंतरित की जायेगी।
06
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का प्रमाण-पत्र संयोजक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
07
जनपद स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी संस्थाऐं छात्र/छात्राओं के यात्रा व्यय, आवास एवं भोजन आदि की व्यवस्था अपने स्तर से करेंगे।
08
जनपद स्तरीय, मण्डल स्तरीय एवं राज्य स्तरीय सभी प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी छात्र/छात्राओं की सुरक्षा, अनुशासन, आवागमन व उनकी वस्तुओं की सुरक्षा का दायित्व सम्बद्ध संस्थाओं का होगा।
09
मंडलस्तरीय तथा राज्य स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा उनके साथ आने वाले एक अध्यापक/अभिभावक को संस्थान के नियमानुसार यात्रा व्यय प्रदान किया जाएगा।
10
राज्य स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा उनके साथ आने वाले एक अध्यापक/अभिभावक के भोजन व आवास की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य धनराशि देय नहीं होगी।
11
एक प्रतिभागी 01 प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में ही प्रतिभाग कर सकता है। एक प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में एक विद्यालय/महाविद्यालय के अधिकतम 4 छात्र/छात्राओं को ही प्रवेश दिया जाएगा।
12
जो प्रतिभागी राज्य स्तर के जिस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका हो, वह पुनः उस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने हेतु अनर्ह होगा।
13
संस्कृत गीत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता (बाल वर्ग) में प्रतिभागी द्वारा वाद्य यंत्रों का प्रयोग वर्जित है। युवा वर्ग का प्रतिभागी वाद्य यंत्रों के साथ संस्कृत गीत का गायन कर सकेंगे।
14
सभी प्रतिभा खोज प्रतियोगितायें पूर्णरूप से संस्कृत भाषा में ही होंगी। प्रतिभागी लिखित सामग्री देखकर प्रतियोगिता नहीं देंगे।
15
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के विषय भारतीय संस्कृति, साहित्य एवं राष्ट्रीय एकता को पुष्ट करने वाले होने चाहिये तथा प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में किसी भी प्रकार का राष्ट्रविरोध, व्यक्तिविशेष विरोध या राजनैतिक आक्षेप प्रदर्शित करना सर्वथा निषिद्ध है।
16
जनपद स्तर की प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं का निर्णय 2 निर्णायकों तथा मण्डल एवं राज्य स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं 03 निर्णायकों के द्वारा प्रदत्त अंकों के योग के आधार पर किया जायेगा। निर्णायकों का निर्णय सर्वमान्य एवं अन्तिम होगा। यही नियम ऑनलाइन अर्हता प्रतियोगिता पर भी लागू होगा।
17
जनपद संयोजक, मण्डल संयोजक एवं निर्णायक अपने स्तर पर किसी भी प्रकार के नियमों का निर्धारण नहीं करेंगे।
18
सभी प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं जनपद संयोजक, मण्डल संयोजक, संचालन समिति तथा सम्बद्ध अधिकारियों के निर्देशन में सम्पन्न होंगी तथा उनके निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी अनुशासन हीनता की स्थिति में प्रतिभागी को प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के लिए अनर्ह माना जाएगा।
19
मंडलस्तरीय प्रतियोगिता में प्रति प्रतिभागी की दर से अभिभावक/शिक्षक सहित रूपये 400/- मात्र से मार्गव्यय देय होगा। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में संस्थान नियमानुसार मार्गव्यय देय होगा।
20
विशेष परिस्थितियों में नियम परिवर्तन का अधिकार अध्यक्ष/निदेशक, उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के पास सुरक्षित होगा।
कोई नियम नहीं मिला। कृपया दूसरा शब्द खोजें।